नये साल की देहरी पर मुस्काता सा चाँद नया हो
नये मोतियों से खुशियों के, दीप्त सीप नैनों के तेरे.
हर भोर तेरी हो सिन्दूरी, हर साँझ ढले तेरे चित में
झंकार करे वीणा जैसी, हर पल के तेरे आँगन में.
जगमग रोशन तेरी रातें झिलमिल तारों की बारातों से
सूरज तेरा दमके बागों में और जाग उठे सारी कलियाँ.
रस-प्रेम लबालब से छलके तेरे सागर का पैमाना
तेरी लहरें छू लें मुझको सिक्त जरा हो मन अपना.
महकाये तुझको पुरवाई, पसरे खुशबू हर कोने में
वेणी के फूलों से अपने इक फूल बचाकर तुम रखना.
कोई फफोला उठे जो मन में, बदली काली आये कोई
टीस और बूँदें पलकों की, निर्द्वंद नाम मेरे कर देना.
सजा रहा हूँ इक गुलदस्ता नये साल की सुबह-सुबह मैं
तकती क्या हो, आओ कुछ गुल तुम भी भर लो न !!
Wednesday, December 29, 2004
मंगल हो नववर्ष तेरा
Tuesday, December 28, 2004
सुनामी लहरें
कल सुबू फिर से उठी लहरें
रौद्र होकर धरती से मिलने
लौट चली है अब घर अपने
आगोश में समेटे कस कर
कई यादें, कई सपने,कई रिश्ते
बिलखता छोड़ अपने पीछे
मातम की ये इंसानी बस्तियाँ
अरी ओ अल्हड़ सुनामी लहरें
हम तो यूँ भी आते थे पासतेरे,
शायद तुझे सबर ही नहीं
पर हारेंगे नहीं जान ले तू
तेरे इसी मलबे से निकलेंगे
और भी सपने, और भी रिश्ते नये.
Sunday, December 26, 2004
देख हो लालू
लालू (प्रसाद यादव): एक ऐसा नाम जो चाहे दक्षिण का सुदूर त्रिचुर हो या उत्तर का अनंतनाग, पश्चिम का काठियावाड़ हो या पूरब का दीमापुर, न्यूयार्क हो या लंदन सब जगह जाना जाता है.
और खासकर एक ही छवि में, ऐसा क्यों हैं ये सोचने की बजाय अनुगूंज के आयोजकों को पता नहीं कैसे लगा कि आतंकवादियों के पुनर्वास जैसे गंभीर मुद्दे पर बहस करने के बाद जो विषय वो उठा रहे हैं यानि लालू यादव के बारे में वो व्यंग्यातमक ही होना चाहिये, तभी बात बनेगी कुछ, बकौल आयोजक : "अब तक के सारे अनुगूँज धीरगंभीर विषय पर आधारित रहे हैं मेरे जेहन में है विषय तो गंभीर है पर लेख अगर व्यंग्यात्मक हों तो उद्देश्य पूरा हो जाये विषय है श्री लालू प्रसाद यादव"
यानि उद्देश्य साफ है भइया; ठलुअई तो करते ही हैं अब ललुअई हो तो कैसा रहे? मतबल मेरा कि थोड़ा इंटरटेनमेन्ट हो जाए तो कएसा रहे? लालू से अच्छा टाइमपास का बहाना का हो सकता है भला. हम तो समझ गये, ब्लाग पढनेवाले भी समझ ही गये गये होंगे, क्यों लल्ला, लल्लू ही रहोगे पूरे के पूरे. कई माई के लाल पता नहीं कैसे कब लालू से ललुआ आ फिर लल्लू बन गये और बना दिये गये. देखो लल्लू भाई अर्रर्र माफ़ करना भइये लालू साहब, इ सब पचरा तुम भी बूझता ही होगा पर एक ठो बतिया साफ-साफ बताय दें पहिले तुम बिहार में भंइसी का सींग पकड़ के चढ़ जाता था आ चाहे जो भी आहे-माहे करता था ऊ त ठीक था, पर अब तुम हो गिया है रेल मंतरी अओर ओ भी माननीय रेलमंत्री, अब इहाँ न भंइस है न बिहार बला कादो. ई दिल्ली है भाई, कुछ बदलो सरऊ अपने आप को. इहाँ सच्ची में हेमामालिन का गाल जइसा रोड है. आ लोग इहाँ हावा भी अंग्रेजीये में छोड़ता है, अओर एक ठो तुम है; सतुआ खा-खा के भजपूरी महकाता रहता है. पूरा संसद घिनाये रहता है, दिल्ली आ दुनिया का पीपुल से बात करना है भजपूरी नहीं चलेगा. थोड़ा दिन का बात होता त सब तुमको थोड़ा 'एक्जाटिक' 'नेटीभ' आ 'रूरल' समझ के इंटरटेन हो जाता इहाँ, लेकिन तुमको रहना है पाँच साल रे भाई, बतिया समझता काहे नही है. कुच्छे महीना में सब बोर हो जाएगा अओर इ सब वर्डवा बदल के 'देहाती भुच्च' बन जायेगा. अओर मीसा के बाबू, ई कुल्हड़-फुल्हड़ का चक्कर में तुम मत पड़ो ई सब करना था त गरामीन विकास मंतरालय काहे नहीं लिया रे सार, इस्टीले का कुल्हड़ चलवा देता गाँव-गाँव में, आ इस्टीले का नादी भी बनवा देता गाँव का सब भंइसियन के लिये, भंइसी सब केतना आसीरबाद देता तुमको, है कि नहीं. आ बहुत खुशी लगता तुमको त सब भईंसियन खातिर डबरा सब को स्वीमिंग पूल बनवा देता. एतना समझा रहा हूँ, माथा में कुछ ढुक रहा है कि नहीं. फईजत करा के रख देगा तुम त. अभी रमबिलसबा से कपड़-फोड़ौअल करबे किया था, अभी का जरुरत था रुपैया बाँटने का, एकदम से हड़बड़ा जाता है, अब देखो सब रमलील्ला मंडली घुसल है इलेकसन कमीसन में तभिये से. अभी बहुत टाइम है, अभीये से नरभसाओ मत, समझा कि नहीं, रबड़ी का टेक केयर हो रहा है बीना रीजन के बेओजह परेसान रहता है. अरे तुम सोनिया का खियाल रखता है त मैडमो खियाल रखबे करेगी, है कि नहीं. बुड़बक कहीं का, देखो परधानमंतरी बनना है तुमको त सब लंदफंदिया काम छोड़ना पड़ेगा अभी तुमको. दिल्ली में रहना है त दिल्लिये बला बन के रहना सीखो.
Saturday, December 25, 2004
इस्लामी दुनिया की हलचल
Wednesday, December 22, 2004
शुक्रिया प्रत्यक्षा जी
कल ई-कविता ग्रुप की एक सदस्या प्रत्यक्षा द्वारा एक कविता "कोई शब्द नहीं" ग्रुप को भेजी गयी थी. उन्हीं से प्रेरणा पाकर ये कविता (वाक्य !!) लिखी है उनके लिये जिनको कई दिनों से कुछ कहना चाह रहा था बल्कि पूछना चाह रहा था. तो दाग दिया है सवाल इन्हीं शब्दों में जो नीचे दी गयी हैं। हलाकि मूल कविता का स्वर तो बिल्कुल उल्टा था लेकिन पहले हिस्से में काफी कुछ उन्हीं शब्दों का इस्तेमाल करते हुये बिल्कुल दूसरी कविता निकल आई है। कभी-कभी लगता है सही शब्दों और वाक्यों को पकड़ते-पकड़ते कहीं गाड़ी ही न छूट जाये। धन्य हो प्रत्यक्षा।
बात कहनी तो है तुमसे
पकड़े हुये लेखनी अपनी
उलटे हुए पोथी शब्दों की
बैठा हूँ खोले ई-मेल, मगर
उड़ते हैं दूर बागों में कहीं
भँवरा बनकर, इक फूल से
दूसरे फूल पर, और कभी
हाथ आई मछलियों सी
फिसल जाते हैं गिरफ़्त से
शब्द मेरे, करता हूँ प्रयास
वाक्यों को लिखता-मिटाता
सिरजता हूँ संसार अपना
कम्प्यूटर के इस पर्दे पर
मेरी तूलिका रंगो में डूबी,
प्रतीक्षारत जाने किस रंग के
करता हूँ सेव अपना ड्राफ्ट
कल फिर से करेगा कोशिश
कलाकार अपना, बसायेगा
इक नयी दुनिया सुनहरी
परिंदो का सा जहाँ अपना
छोड़ो भी शब्दों के बाने को
उड़ सकोगी क्या साथ मेरे
घोंसला छोड़कर सारा जहाँ
ढूँढने को फिर से आबो-दाना??
Sunday, December 19, 2004
बधाई भूटान और भूटानी जनता को
भूटान दुनिया का पहला देश है जहाँ तंबाकू उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है.
भूटान के मंत्री जिग्मे थिनले ने कहा, "हम प्रदूषण की समाप्ति और अपने नागरिकों के लिए बेहतर स्वास्थ्य चाहते हैं". ऐसा शायद इसलिये संभव हो सका है कि वहाँ अभी भी ग्लोबलाइजेशन का दैत्य अपने नाखून नहीं गड़ा सका है। अपने हिन्दुस्तान में भी यदा कदा सिगरेट पर प्रतिबंध, गुटखे पर प्रतिबंध की बात होती रहती है। और जब भी किसी किसी राज्य में ऐसा होता है तो गाज छोटे मोटे पान की दुकान चलानेवालों पर गिरती है। उसके बाद आता है नंबर खरीदने वालों का जो एक की जगह तीन देकर भले खरीदें लेकिन माल तो हासिल कर ही लेते हैं। तीसरा नंबर आता है हमारे ठोला-पुलिस विभाग का जो दुकानदारों को हड़का-हड़का कर न तो उन्हें बेचना बंद करने देते हैं और न बिना पैसे लिये बेचने दिया करते हैं यानि सब धन साढे बाइस पसेरी। कार्यवाही अगर किसी पर नहीं होती तो वे हैं सिगरेट बीड़ी बनानेवाली कंपनियों पर। अभी तक ये तो हो नहीं सका कि कम से कम पूरे देश में ये कानून बने कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने के वालों के खिलाफ सख्त जुर्माने की व्यवस्था की जाये। अरे कइसे होगा भाई नेताजी फूँकते हैं धकाधक आ खईनी थूकते हैं कुर्सी पर से पुच्च पुच्च मंत्रालये में न!!
Sunday, December 12, 2004
चाय
शीत के इस कोहरे में
चाय हो कुछ, और छेड़ूँ
बात तेरी कुरकुरी सी,
साथ अपने मखमली हो
यादों का लिहाफ तेरा
ओढकर बैठूँ जो यारा
उष्णता का बने घेरा
धुंध अपनी दूर हो फिर
शीशे के पार जो जमाये है
अपना डेरा जाने कब से ॥
राधिका
गौर गेहुँआ कांति
देह लंबी और सुरेबदार
चेहरा भरा पुरा
अधर लाल लाल
बाब्ड हेयर बेस
कटे छटे कुंतल जाल
भँवें खूब सँवरी सँवरी
मर्मभेदी कपोल
कजरारे आँखों की कोर
अनावृत मुक्तोदरी
आवर्त दारूण नाभि
रँगे हुये बीसों नाखूनों के पीठ,
हरित वसना
आज की राधिका
वीर देवी स्कूटरवाहिनी
घूम आइये सँध्याकाल
किसी होटल में रस्ता तकते
बाँके बिहारी लाल
**************
(मूल कविता: मैथिली)
गोर गहुमा कांति
देह नमछर आ सुरेबगर
मूह कठगर
ठोर लालेलाल
बाब्ड हेयर
केश कपचल कृष्ण कुंतल जाल
भौंह बेस पिजौल मर्मवेधी टाकासुन
कजरैल आँखिक कोर
अनावृत मुक्तोदरी
आवर्त दारुण नाभि
रंगल बीसो नौहक उज्जर पीठ
हरित वसना
आइ काल्हुक राधिका
देवी स्कूटरवाहिनी
घुरि आउ सँध्याकाल
कोनो होटल मध्य
बाट तकैत छथि
बाँके बिहारीलाल
*****************
कविता: वैद्यनाथ मिश्र 'यात्री' मैथिली अकादमी, इलाहाबाद
पत्रहीन नग्न गाछ 1968
Tuesday, December 07, 2004
पसीने का गुणधर्म
आज का अनुवाद
*****
क्षार-अम्ल
विगलनकारी, दाहक…
रेचक, उर्वर
रेक्शेवाले के पीठ की ओर का
तार-तार फटा बनियान
पसीने के अधिकांश गुणधर्म को
कर रहा है प्रमाणित
मन होता है मेरा
विज्ञान के किसी छात्र से पूछूँ जाकर
कितना विगलनकारी होता है
गुणधर्म पसीने का
रिक्शेवाले के पीठ की चमड़ी
और होगी कितनी शुष्क-श्याम
स्नायुतंत्र की उर्जा और कितनी उबलेगी
इस नरवाहन की शक्ति
और कितनी सीझेगी…
और कितना……
क्षार, अम्ल, दाहक, विगलनकारी…
(मूल कविता: पसेना-क गुणधर्म, मैथिली में, कवि वैद्यनाथ मिश्र "यात्री"*)
पत्रहीन नग्न गाछ 1968 से अनूदित
*वैद्यनाथ मिश्र यात्री हिन्दी साहित्य में बाबा नागार्जुन के नाम से मशहूर हैं।
Monday, December 06, 2004
महाराजा की संस्तुति
मेरी हिन्दी कक्षा की एक चेलिन ने मैडिसन के एक रेस्टोरेन्ट 'महाराजा' की समीक्षा लिखी है प्रस्तुत हैं उसके कुछ दस-बारह वाक्यों में से कुछ "ब्रेकिंग सेन्टेन्सेज" । मेरे खयाल से हमारे सारे ब्लागी संत और संतियाँ जिनकी हिन्दी-ग्रंथि ठीक-ठाक है वे तो समझ ही जायेंगे। अगर किसी वाक्य के बारे में कुछ पूछना हो तो हाथ खड़े करें और तब तक खड़े रखें जब तक मैं आपके पास ना आ जाऊँ।
- रात के खाने के लिये अनेक चुनाव हैं।
- इसलिये इस खाने की मैं संस्तुति करती हूँ।
- भेंड़ साग नशीला है।
- खाने के बाद लस्सी या मदिरा पीजिये।
- खाने के बाद मिठाइयाँ सुलभ हैं।
- मैंने खाना को दो तारे दिये।
- प्राच्य महाराजा जाइये – कमाल के लोग – कमाल का खाना।
डिसक्लेमर: चेलिन की आलोचना यहाँ उद्देश्य नहीं है।
Thursday, December 02, 2004
हिन्दी का विश्वकोष
तेजी से बदलती और सिमटती हुई दुनिया में भारतीय भाषाओं के साथ तकनीक सबसे बड़ी समस्या रही है। इंटरनेट पर इस्तेमाल होनेवाली भाषाओं में भारतीय भाषाओं की सहभागिता लगभग नगण्य रहा है। सरकारी प्रयास ने भारतीय भाषाओं का भला करने की बजाय अक्सर उसका नुकसान ही किया है और ज्यदातर राजनैतिक दल अपनी रोटी सेंकने में ही ज्यादा मशगूल रहे हैं। लेकिन आज स्थिति तेजी से बदल रही है। भारतीय भाषाओं की इंटरनेट पर जो भी उपस्थिति दर्ज की है वह मुख्यरूप से अपनी भाषा में खुद को अभिव्यक्त करनेवालों और भारतीय भाषाओं का व्यापारिक लाभ की वजह से ही हुआ है।
अररर्र लगता है मैं कोई निबंध लिखने बैठ गया। चलिये भूमिका तो बहुत बड़ी हो गयी है। जो लोग नहीं जानते उनको बताना चाहता था कि हिन्दी सहित विश्व की अन्य कई भाषाओं में वेब पर एक बृहत विश्वकोष 'विकिपीडिया" के नाम से बनाया जा रहा है। यह एक खुला विश्वकोष है जिसमें कोई भी अपना योगदान दे सकता है। भारतीय भाषाओं की कहें तो जहाँ तक मेरी जानकारी है अब तक हिन्दी, बांग्ला, गुजराती, मराठी, तमिल सहित कुछ अन्य भाषाओं में इसकी शुरुआत हो चुकी है। हाँ तो मेरा सभी ब्लागी (ब्लागी शब्द लिखते ही मुझे न जाने क्यूँ भारत के दागी मंत्रियों के नाम याद आने लगते हैं) मेरा मतलब चिट्ठा लिखने वाले भाइयों से निवेदन है कि हम अपनी अपनी ठलुअई से जब भी थोड़ा वक़्त मिले तो अपनी अपनी भाषा में इस पर अपने स्तर पर छोटा ही सही अपना योगदान अवश्य करें।
हिन्दी क विश्वकोष यहाँ उपलब्ध है।


